राजस्थान के नेताओं को नड्‌डा की नसीहत:जयपुर में भाजपा अध्यक्ष ने कहा- एकला चलो से काम नहीं चलेगा, सबको साथ लेकर चलना होगा



इस सरकार में पहला माैका रहा जब बगैर विपक्ष के सदन इतने लंबे समय तक चला है। - Dainik Bhaskar



मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने जयपुर में प्रदेश कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ किया


राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने राजस्थान में भाजपा में चल रही गुटबाजी को लेकर नसीहत दी। मंगलवार को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में प्रदेश कार्यकारणी की बैठक का शुभारंभ करने पहुंचे नड्‌डा ने कहा कि एकला चलो से काम नहीं चलेगा। सबको साथ लेकर चलना होगा। नड्डा ने कोर कमेटी की बैठक भी ली। इसमें सभी नेताओं को एकजुटता से काम करने की हिदायत दी। उपचुनाव के लिए सभी को अभी से काम में जुटने की कहा। नड्डा ने पन्ना प्रमुख मॉडल पर उपचुनाव में उतरकर सभी सीटें जीतने का टास्क दिया है। बैठक के बाद नड्डा ने मालवीय नगर सेक्टर-10 में काली माता मंदिर के दर्शन किए।


नड्‌डा के भाषण की खास बातें-


आज मोदी जी की हवा है, लेकिन उसे कैप्चर करने के लिए हर स्तर पर तैयारी जरूरी है। हमें पोस्टमैन नहीं बनना। कार्यकर्ता बनना है। सूचना नहीं देनी, बल्कि उसे समाधान तक पहुंचाना है। लीडर किसी के कहने से नहीं बनते, वे अपने एक्शन से बनते हैं।


एक्शन में हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि सबको साथ लेकर चलें। सबका ध्यान रखें। कई नेता अकेले बैठकों में आते हैं और चले जाते हैं। किसी और को जोड़ना ही नहीं चाहते। एकला चलो से काम नहीं चलेगा। सबको साथ लेकर चलना होगा।


किसान नेताओं ने सालों तक राजनीति की। आज किसानों के लिए जो रिफॉर्म किए गए हैं। वे किसानों की तकदीर बदलने वाले हैं। किसान हमारे अन्नदाता हैं। झूठ बोलना कांग्रेस की संस्कृति है। उनकी आदत का हिस्सा है।


बिरला ऑडिटोरियम तक रोड शो जैसा स्वागत
इससे पहले एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नड्‌डा को घेर लिया। वे कार में प्रवेश करने के बाद रूफ टॉप से बाहर निकले और सभी का अभिवादन किया। एयरपोर्ट से लेकर ऑडिटोरियम तक के रास्ते में 12 जगह उनका स्वागत किया गया। इस बीच रामबाग सर्किल पर 4-5 युवकों ने काले झंडे दिखाने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।


पूनिया ने की राजे की तारीफ
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने अपने संबोधन में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ की। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला मौका है जब पूनिया ने मंच से राजे की तारीफ की। उन्होंने कहा कि चारों सीटों पर उपचुनाव में जीत दर्ज करेंगे। राजस्थान में एक बार भाजपा एक बार कांगेस का सिलसिला बंद होगा। अब हर बार बीजेपी होगी।


उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी अध्यक्षजी (नड्‌डा) ने हमें घर नहीं बैठने दिया। जरूरतमंदों की सेवा करवाई। सोनिया गांधी ने आधा किलो आटा भी कोरोना काल में किसी को नहीं दिया होगा।




बिरला ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलन कर बैठक का उद्घाटन करते भाजपा अध्यक्ष नड्‌डा।


नड्डा के आने से पहले गुटबाजी, नड्डा के आते ही एक साथ आए बीजेपी नेता


जेपी नड्डा के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे भाजपा नेताओं में शुरू में गुटबाजी दिखी। वसुंधरा राजे और उनके समर्थक नेता पहले अलग खड़े रहे। वहीं, सतीश पूनिया, गुलाबचंद कटारिया खेमे के नेता अलग। जैसे ही नड्डा एयरपोर्ट आए पहले अलग-अलग गुटों में दिख रहे नेता एक कतार में आ गए। नड्डा के आते ही सभी गुटों के नेता एकजुट होते दिखे। राजे और पूनिया ने एयरपोर्ट पर एक साथ नड्‌डा का स्वागत किया। भाजपा की आईटी सेल ने नड्‌डा के स्वागत में एक हैश टैग 'नड्‌डा जी रो स्वागत' चलाया। इस हैश टैग पर अब तक करीब 10 हजार ट्वीट हो भी चुके हैं।


केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा- कृषि कानूनों में काला क्या है?
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा- केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर कुछ दल बेवजह भ्रम फैला रहे हैं। कानून किसानों के फायदे में है। कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग नई नहीं है। किसान पहले भी खेत बंटाई पर देता रहा है। मोदी सरकार किसान को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। कृषि कानूनों के विरोध के पीछे बहुत बड़ी साजिश थी। आज जो किसान आंदोलन के चेहरे हैं वे ही सब जगह नजर आते हैं। शाहीन बाग, 2 अप्रैल की घटना में जो लोग थे वे ही किसानों को भड़का रहे हैं। कृषि कानूनों में काला क्या है? विरोधी यह नहीं बता पा रहे हैं।


Post a Comment

0 Comments